पिटाई का बदला लेने के लिए हत्या करने वाले 2 बदमाश गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की बड़ी कार्यवाही।

पिटाई का बदला लेने के लिए हत्या करने वाले 2 बदमाश गिरफ्तार।

स्पेशल सेल व गुरुग्राम सीआईए की संयुक्त कार्रवाई, एनकाउंटर में बदमाशों के पैरों में लगी गोली, 2 पिस्तौल व कारतूस बरामद

अफशा खान , दिल्ली 
 नई दिल्ली, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और सीआईए गुरुग्राम की संयुक्त टीम ने दोहरे हत्याकांड के चश्मदीद गवाह की हत्या करने वाले दो कुख्यात बदमाशों को गुरुग्राम में कथित एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोगी गिरोह से जुड़े मोहित जाखड़ (निवासी गोयला खुर्द, छावला) और जतिन राजपूत (निवासी विपिन गार्डन, द्वारका मोड़) के रूप में हुई है।

एनकाउंटर के दौरान गोलियां चलीं

पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। एक गोली हवलदार नरपत की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी, जबकि दूसरी गोली एसआई विकास के हाथ में लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों बदमाशों को घायल करते हुए उनके पैरों में गोली मारी और मौके से दबोच लिया। इनके कब्जे से दो पिस्तौल, कई कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

संयुक्त टीम की कार्रवाई

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व स्पेशल सेल के एडिशनल पुलिस कमिश्नर प्रमोद सिंह कुशवाहा की देखरेख में हुआ। डीसीपी कृष्ण कुमार, एसीपी राहुल कुमार सिंह, इंस्पेक्टर अनुज नौटियाल, इंस्पेक्टर चंदन और एसआई अरुण (सीआईए गुरुग्राम) की टीम ने संयुक्त रूप से इस अभियान को अंजाम दिया।

पिटाई का बदला लेने के लिए हत्या

पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि 4 जुलाई 2025 को संजू दहिया के इशारे पर मोहित जाखड़, जतिन राजपूत और नीरज गुर्जर ने नजफगढ़ निवासी नीरज तेहलान की हत्या कर दी थी। नीरज, पिछले साल नजफगढ़ के एक सैलून में हुई गोलीबारी का शिकायतकर्ता और चश्मदीद गवाह था। पूछताछ में पता चला कि नीरज तेहलान ने पहले जतिन और नीरज गुर्जर की पिटाई की थी और इसी रंजिश का बदला लेने के लिए उसकी हत्या की गई।

दोस्त बने जानी दुश्मन

पुलिस अधिकारियों के अनुसार नीरज तेहलान और संजीव उर्फ संजू दहिया कभी करीबी दोस्त हुआ करते थे। लेकिन 2021 में छावला पुलिस द्वारा फायनांसर नरेश की हत्या के मामले में नीरज तेहलान और आशीष सिंधु की गिरफ्तारी के बाद दोनों के रिश्तों में कड़वाहट आ गई। नीरज को शक था कि उसकी गिरफ्तारी संजू दहिया की मुखबरी के कारण हुई है। जेल से छूटने के बाद भी दोनों के बीच यह दुश्मनी और गहरी होती चली गई।

सनसनीखेज सैलून हत्याकांड

9 फरवरी 2024 को नजफगढ़ के एक सैलून में नीरज तेहलान अपने भाई सोनू तेहलान और साथी आशीष सिंधु के साथ मौजूद था। संजू दहिया ने गोगी गैंग के हर्ष उर्फ चिंटू के साथ मिलकर वहां अंधाधुंध फायरिंग कराई। इस गोलीबारी में सोनू तेहलान और आशीष सिंधु की मौके पर मौत हो गई, जबकि नीरज तेहलान केबिन में छिपकर किसी तरह बच निकला। इसी के बाद नीरज को खत्म करने की योजना बनाई गई और जुलाई 2025 में उसकी हत्या कर दी गई।

विदेश भागा मास्टरमाइंड

इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद मुख्य साजिशकर्ता संजू दहिया और उसका सहयोगी हर्ष उर्फ चिंटू विदेश भाग गए। हर्ष को जाली दस्तावेजों के आधार पर दुबई में गिरफ्तार कर भारत प्रत्यर्पित किया गया, जो फिलहाल जेल में है। वहीं संजू दहिया अभी भी विदेश में फरार बताया जा रहा है।

Comments

Popular posts from this blog

दिल्ली पुलिस कर्मियों को सेवानिवृत्ति के दिन मिलेगा एक पद उच्च मानद रैंक, LG ने दी मंजूरी

एलजी ने एमसीडी शिक्षक की सजा घटाई, ‘अनिवार्य सेवानिवृत्ति’ को किया कम — एक वेतन स्तर घटाकर एक साल की सजा में बदला

दिल्ली विधानसभा के चौथे सत्र में उपराज्यपाल का अभिभाषण: शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर और परिवहन पर सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा