ईस्ट दिल्ली में सिग्नल सिंक्रोनाइजेशन से जाम पर लगेगी ब्रेक
ईस्ट दिल्ली में सिग्नल सिंक्रोनाइजेशन से जाम पर लगेगी ब्रेक
दिल्ली। राजधानी में ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पूर्वी रेंज में ट्रैफिक सिग्नल सिंक्रोनाइजेशन की शुरुआत की है। इस पहल का नेतृत्व डीसीपी ट्रैफिक (ईस्टर्न रेंज) सतीश कुमार ने किया।
नई प्रणाली के तहत जिन मार्गों पर ट्रैफिक वॉल्यूम ज्यादा है वहां ग्रीन सिग्नल का समय बढ़ा दिया जाएगा, जबकि कम ट्रैफिक वाले मार्गों पर छोटा सिग्नल साइकिल रखा जाएगा। इससे यात्रा में लगने वाला समय घटेगा और नियम उल्लंघन की घटनाओं में कमी आएगी।
पायलट फेज़ और नतीजे
पायलट फेज़ के दौरान सप्ताह के अलग-अलग दिनों और वीकेंड पर ट्रैफिक पैटर्न का अध्ययन किया गया। रियल-टाइम डाटा के आधार पर सिग्नल टाइमिंग को लगातार एडजस्ट किया गया, जिससे ऑफिस जाने वालों, छात्रों और लोकल यात्रियों को बड़ी राहत मिली।
मुख्य चौराहों पर अतिरिक्त तैनाती
योजना को मजबूती देने के लिए कड़कड़ी मोड़, विकास मार्ग, आनंद विहार ISBT और खजूरी चौक जैसे अहम जंक्शनों पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है। तैनात अधिकारी फ्लोरोसेंट जैकेट, शोल्डर लाइट और लाइट बार से लैस हैं, ताकि लोग दूर से ही उनकी मौजूदगी को पहचान सकें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।
विशेष आयुक्त ट्रैफिक अजय चौधरी, स्पेशल सीपी ट्रैफिक ज़ोन-1 कन्नन जगदीशन और एडिशनल सीपी ट्रैफिक ज़ोन-1 मोनिका भारद्वाज ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे दिल्ली के अन्य इलाकों में लागू करने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से यह प्रोजेक्ट न केवल सफ़र को आसान बनाएगा बल्कि सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार ड्राइविंग की संस्कृति को भी मजबूत करेगा।
Comments
Post a Comment