रिश्वतखोर पुलिसकर्मी बेनक़ाब, कार्रवाई में भेदभाव से उठे सवाल

कमिश्नर का महरौली एसएचओ पर करम, 3 एसएचओ पर सितम।
 दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलछा

रिश्वतखोर पुलिसकर्मी बेनक़ाब, कार्रवाई में भेदभाव से उठे सवाल।

अफशा खान, दिल्ली 
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस में भ्रष्टाचार की परत दर परत पोल खुल रही है। पुलिस कमिश्नर सतीश गोलछा ने पद संभाले महज़ एक महीना हुआ है और इस दौरान रिश्वतखोरी के चार बड़े मामले सामने आ चुके हैं। यह हालात पुलिस व्यवस्था और वरिष्ठ अफसरों की कार्यशैली पर गहरे सवाल खड़े कर रहे हैं।

विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

उत्तरी जिले के वजीराबाद थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर ललित को विजिलेंस यूनिट ने रंगे हाथ 5 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा। ललित पर आरोप है कि उसने दो लुटेरों की जमानत कराने और अदालत में कमजोर चार्जशीट दाखिल करने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की थी।

रिश्वत लेते ही रेड की भनक लगते ही ललित ने रकम बाथरूम से नीचे फेंक दी। रकम कबाड़ में गिरी या किसी पुलिसवाले ने उठा ली – इस पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। रकम की बरामदगी के लिए ललित को रिमांड पर लिया गया है। फिलहाल उसे सस्पेंड कर दिया गया है।

एसएचओ मनोज वर्मा लाइन हाज़िर

वजीराबाद के इस मामले में थानेदार मनोज वर्मा को भी लाइन हाज़िर कर दिया गया। सूत्रों का कहना है कि ललित ने स्नैचिंग मामलों में गिरफ्तार हरजीत सिंह सचदेवा और वसीम शेख की जमानत कराने के लिए हरजीत की पत्नी से डील की थी।


---

महरौली एसएचओ पर रहम, हौज़ काजी और अशोक विहार पर सितम

यहीं सवाल सबसे बड़ा बनता है। 18 सितंबर को महरौली थाने के एएसआई पप्पू राम मीणा को एक बिचौलिए के साथ 5 हजार की रिश्वत लेते विजिलेंस ने पकड़ा। इसके बावजूद महरौली थाने के एसएचओ संजय सिंह को लाइन हाज़िर नहीं किया गया।
जबकि इसी तरह के मामलों में हौज़ काजी थाने के एसएचओ मनोज और अशोक विहार थाने के एसएचओ कुलदीप शेखावत को फौरन लाइन हाज़िर कर दिया गया था। यही भेदभाव कमिश्नर की कथनी और करनी में फर्क उजागर करता है।


---

हौज़ काजी और अशोक विहार के केस

9 सितंबर: हौज़ काजी थाने के एएसआई राकेश कुमार 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया। रकम भीड़ में उछाल दी गई थी। इस केस में एसएचओ मनोज को लाइन हाज़िर कर दिया गया।

25 अगस्त: अशोक विहार थाने के चिट्ठा मुंशी हवलदार राजकुमार मीणा को सीबीआई ने एक लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। इस मामले में भी एसएचओ कुलदीप शेखावत को लाइन हाज़िर किया गया।



---

डीसीपी और आईपीएस की जिम्मेदारी पर सवाल

कमिश्नर सतीश गोलछा ने 23 अगस्त को सख्त बयान दिया था कि रिश्वत लेते पकड़े जाने पर संबंधित थाने के एसएचओ और जिले के डीसीपी तक जिम्मेदार माने जाएंगे। लेकिन अब तक किसी डीसीपी के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ऐसे में कमिश्नर के बयान को महज़ बड़बोलापन माना जा रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली पुलिस में भ्रष्टाचार इस कदर जड़ें जमा चुका है क्योंकि बरसों से कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों ने अपनी सुविधा और स्वार्थ के लिए भ्रष्ट पुलिसकर्मियों को संरक्षण दिया। यही वजह है कि आज रिश्वतखोरी नासूर बन चुकी है।


---

जनता का सवाल

जब हर केस में एसएचओ लाइन हाज़िर हो रहे हैं तो महरौली में क्यों नरमी?

क्या अफसरों के लिए नियम अलग-अलग हैं?

क्या कमिश्नर सिर्फ बयानबाज़ी कर रहे हैं?



---

दिल्ली पुलिस के भीतर से ही उठी आवाज़ें साफ कह रही हैं कि अब आधे-अधूरे कदमों से काम नहीं चलेगा। या तो भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का सख्ती से पालन हो या फिर अफसरों को जनता के सवालों का जवाब देना होगा।

Comments

Popular posts from this blog

दिल्ली पुलिस कर्मियों को सेवानिवृत्ति के दिन मिलेगा एक पद उच्च मानद रैंक, LG ने दी मंजूरी

एलजी ने एमसीडी शिक्षक की सजा घटाई, ‘अनिवार्य सेवानिवृत्ति’ को किया कम — एक वेतन स्तर घटाकर एक साल की सजा में बदला

दिल्ली विधानसभा के चौथे सत्र में उपराज्यपाल का अभिभाषण: शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर और परिवहन पर सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा