कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग कराने वालों को कार उपलब्ध कराने वाला बदमाश लुधियाना से गिरफ्तार

कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग कराने वालों को कार उपलब्ध कराने वाला बदमाश लुधियाना से गिरफ्तार

कैनेडा पुलिस से बचने के लिए भारत लौटा था आरोपी | क्राइम ब्रांच ने बरामद की विदेशी पिस्तौल, कारतूस और कार
 कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग करने वाले को कार उपलब्ध कराने वाला आरोपी दिल्ली पुलिस के क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में।

नई दिल्ली / लुधियाना।
कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे/रेस्टोरेंट पर कैनेडा में की गई फायरिंग में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इस गोलीबारी में सहयोग देने वाले एक अहम आरोपी को लुधियाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी बंधु मान सिंह सेखों ने फायरिंग करने के लिए बदमाशों को कार उपलब्ध कराई थी। उसके कब्जे से एक विदेशी पिस्तौल, कारतूस और घटना में इस्तेमाल कार बरामद की गई है।

क्राइम ब्रांच के ज्वाइंट कमिश्नर सुरेन्द्र कुमार के मुताबिक, डीसीपी संजय यादव की देखरेख में इंस्पेक्टर मान सिंह, अरविंद सिंह और इंस्पेक्टर सुंदर गौतम समेत स्पेशल टीम ने बंधु मान सिंह को लुधियाना से दबोचा। आरोपी 23 अगस्त को ही कैनेडा से भारत लौटा था और फायरिंग के तुरंत बाद कैनेडा पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए भाग आया था।

कैनेडा में भी गिरफ्तारी, भारत में हत्या की कोशिश का मामला

जांच में सामने आया कि बंधु मान सिंह पहले भी कैनेडा में एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है। भारत में भी उसके खिलाफ 2019 में हत्या की कोशिश (अटेम्प्ट टू मर्डर) का मामला दर्ज है। क्राइम ब्रांच उसे लंबे समय से ट्रेस कर रही थी।

आईएसआई संचालित इंटरनेशनल हथियार तस्कर गिरोह का कनेक्शन

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने हाल ही में आईएसआई द्वारा संचालित अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ कर आठ विदेशी पिस्तौल बरामद की थीं। पूछताछ में पता चला कि गिरोह ने इन पिस्तौलों में से एक पिस्तौल बंधु मान सिंह को भी दी थी। इसी सुराग पर पुलिस की टीम पहुँची और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

कपिल शर्मा के रेस्टोरेंट पर फायरिंग में सीधा रोल

पूछताछ में बंधु मान सिंह ने कबूल किया कि
7 अगस्त को कैनेडा में फायरिंग करने वाले दलजोत सिंह रहल और गुरजोत को उसने ही कार उपलब्ध कराई थी। वारदात के बाद उसने कार को अपने पड़ोसी के घर पर छिपाकर खड़ा करवा दिया था।

उसने यह भी बताया कि कैफे पर फायरिंग की पूरी साजिश विदेश में बैठे कुख्यात बदमाश गोल्डी ढिल्लों और कुलबीर सिद्दू ने रची थी, जो कपिल शर्मा से रंगदारी वसूलना चाहते थे।

तीन बार हुई फायरिंग, अलग-अलग गिरोहों ने ली जिम्मेदारी

कपिल शर्मा ने हाल ही में कैनेडा में अपना कैफे/रेस्टोरेंट लॉन्च किया था। लेकिन कैफे खुलने के बाद से लगातार उस पर हमले किए गए—

10 जुलाई 2025

7 अगस्त 2025

16 अक्टूबर 2025


तीनों बार बदमाशों ने कैफे पर गोलियां चलाईं। जुलाई में हुई पहली वारदात की जिम्मेदारी बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकी हरजीत लाडी ने ली। उसने आरोप लगाया कि कपिल शर्मा ने अपने टीवी शो में ‘निहंग सिखों का अपमान’ किया है।
बाद में गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने भी इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली।
अगस्त और अक्टूबर की फायरिंग की जिम्मेदारी गोल्डी ढिल्लों और उसके साथी कुलबीर सिद्दू ने ली।

क्राइम ब्रांच सक्रिय, कई एजेंसियां भी मामले में जुटीं

कपिल शर्मा पर हमले और रंगदारी की साजिश में अब अंतरराष्ट्रीय गिरोहों का कनेक्शन सामने आने के बाद भारतीय और कैनेडियन एजेंसियां मामले की संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं।
क्राइम ब्रांच का कहना है कि गिरोह से जुड़े कई और संदिग्धों को चिह्नित किया गया है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है।

Comments

Popular posts from this blog

दिल्ली पुलिस कर्मियों को सेवानिवृत्ति के दिन मिलेगा एक पद उच्च मानद रैंक, LG ने दी मंजूरी

एलजी ने एमसीडी शिक्षक की सजा घटाई, ‘अनिवार्य सेवानिवृत्ति’ को किया कम — एक वेतन स्तर घटाकर एक साल की सजा में बदला

दिल्ली विधानसभा के चौथे सत्र में उपराज्यपाल का अभिभाषण: शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर और परिवहन पर सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा