मोहन गार्डन थाने के कांस्टेबल अनिल महला की बहादुरी, सिलेंडर ब्लास्ट से बचाई 16 परिवारों की जान
मोहन गार्डन थाने के कांस्टेबल अनिल महला की बहादुरी, सिलेंडर ब्लास्ट से बचाई 16 परिवारों की जान
नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस के जांबाज़ जवानों की बहादुरी एक बार फिर सामने आई है। थाना मोहन गार्डन में तैनात कांस्टेबल अनिल महला ने अपनी जान की परवाह किए बिना एक बड़े हादसे को टालकर 16 परिवारों की जान बचा ली। यह घटना 20 दिसंबर 2025 की रात करीब 9:39 बजे की है, जब थाना मोहन गार्डन क्षेत्र के अंतर्गत एक चार मंजिला इमारत में गैस सिलेंडर में आग लगने की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए मिली।
सूचना मिलते ही कमांड रूम द्वारा थाना मोहन गार्डन के एसएचओ इंस्पेक्टर मुकेश अंतिल को अवगत कराया गया। वहीं, मौके पर पहुंचने से पहले ही बीट स्टाफ में तैनात कांस्टेबल अनिल महला हालात की गंभीरता को समझते हुए बिना किसी सहायता का इंतजार किए तत्काल कार्रवाई में जुट गए।
कांस्टेबल अनिल महला ने असाधारण साहस का परिचय देते हुए जलते हुए गैस सिलेंडर को अकेले ही रसोई से बाहर निकाला और आग पर काबू पाया। उस समय इमारत में कुल 16 परिवार रह रहे थे और सभी की जान गंभीर खतरे में थी। अगर सिलेंडर फट जाता तो एक बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।
कांस्टेबल अनिल ने यह साहसिक कदम फायर ब्रिगेड और पीसीआर के पहुंचने से पहले उठाया, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई। उन्होंने अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा की बिल्कुल भी चिंता न करते हुए मानव जीवन को सर्वोपरि रखा।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह घटना न केवल कांस्टेबल अनिल महला की बहादुरी को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि दिल्ली पुलिस का हर जवान संकट के समय जनता की रक्षा के लिए हर खतरे का सामना करने को तैयार रहता है।
यह पूरी घटना दिल्ली पुलिस के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का जीवंत उदाहरण है और पूरे विभाग के लिए गर्व का विषय है।
Comments
Post a Comment