नरेला में उच्च शिक्षा को बड़ा विस्तार, DDA ने GGSIPU और दिल्ली टीचर्स यूनिवर्सिटी को सौंपी भूमि
नरेला में उच्च शिक्षा को बड़ा विस्तार, DDA ने GGSIPU और दिल्ली टीचर्स यूनिवर्सिटी को सौंपी भूमि
नई दिल्ली:
नरेला उप-शहर के विकास की दिशा में एक नया अध्याय जुड़ते हुए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने नरेला में गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) और दिल्ली टीचर्स यूनिवर्सिटी (DeTU) को उनके नए परिसरों की स्थापना के लिए भूमि का कब्ज़ा सौंप दिया। यह कार्रवाई उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के नेतृत्व में की गई। इस अवसर पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद भी मौजूद रहे, जिन्होंने विश्वविद्यालयों की ओर से भूमि से जुड़े दस्तावेज प्राप्त किए।
उपराज्यपाल और शिक्षा मंत्री ने दोनों विश्वविद्यालयों को बधाई देते हुए कहा कि नरेला में नए परिसरों का विस्तार न केवल दिल्ली बल्कि देशभर के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा और राजधानी को उच्च शिक्षा के प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूत करेगा।
नरेला में विश्वविद्यालय परिसरों की स्थापना का उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सशक्त करना है। उल्लेखनीय है कि जनवरी 2024 में भूमि आवंटन के बावजूद तत्कालीन अरविंद केजरीवाल सरकार ने विश्वविद्यालयों के लिए भूमि के बदले कोई भुगतान नहीं किया, जिससे यह परियोजना लंबे समय तक रुकी रही।
नई सरकार के गठन के बाद स्थिति में बदलाव आया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार ने अपने पहले बजट में ही विश्वविद्यालयों के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया, जिसमें से अब तक 452 करोड़ रुपये DDA को दिए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमान (RE) में 500 करोड़ रुपये और स्वीकृत किए गए हैं। यह कदम शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सरकार की मंशा को दर्शाता है। वर्तमान बजट में कुल बजट का लगभग 19 प्रतिशत हिस्सा शिक्षा क्षेत्र के लिए निर्धारित किया गया है।
भूमि आवंटन के तहत दिल्ली टीचर्स यूनिवर्सिटी को नरेला के सेक्टर G-2/G-6 में 12.69 एकड़ भूमि दी गई है, जिसके लिए दिल्ली सरकार ने DDA को 92.16 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। यह विश्वविद्यालय फिलहाल उत्तर दिल्ली के मुखर्जी नगर में एक स्कूल भवन से संचालित हो रहा है, जहां बुनियादी ढांचे की कमी है। अब नरेला में अपना स्थायी परिसर बनने से विश्वविद्यालय को नई पहचान मिलेगी।
वहीं, गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय को नरेला में 22.43 एकड़ भूमि सौंपी गई है, जिसके लिए 162.90 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। इसके साथ ही GGSIPU नरेला में अपना तीसरा परिसर स्थापित करेगा। वर्तमान में विश्वविद्यालय का मुख्य परिसर द्वारका में है और दूसरा परिसर पूर्वी दिल्ली के सूरजमल विहार में संचालित हो रहा है।
यह भी उल्लेखनीय है कि उपराज्यपाल ने जनवरी 2024 में नरेला में बुनियादी ढांचे को गति देने के उद्देश्य से सात सरकारी विश्वविद्यालयों और संस्थानों को कुल 181 एकड़ भूमि आवंटित की थी। सभी विश्वविद्यालयों को आसपास के क्षेत्रों में भूमि दी गई है, ताकि साझा सुविधाओं जैसे लाइब्रेरी और खेल अवसंरचना का सामूहिक उपयोग किया जा सके और संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल हो।
इसके बाद नवंबर 2025 में DDA ने नरेला उप-शहर में विश्वविद्यालय परिसरों के विकास के लिए भूमि उपयोग में परिवर्तन को भी मंजूरी दी। अर्बन एक्सटेंशन रोड-1 और प्रस्तावित रिठाला–नरेला–कुंडली मेट्रो कॉरिडोर के निकट स्थित होने के कारण यह क्षेत्र बेहतर कनेक्टिविटी और पहुंच प्रदान करता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि नरेला में विश्वविद्यालयों का यह विस्तार न केवल बाहरी दिल्ली बल्कि हरियाणा के कई जिलों के छात्रों को भी लाभ पहुंचाएगा
Comments
Post a Comment